
गुरुग्राम राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), गुरुग्राम की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 16.04.2026 को आरोपी प्रदीप कुमार, पटवारी (चकबंदी विभाग), नारनौल को रिश्वत मांगने व रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 13 दिनांक 16.04.2026, धारा 7 पी.सी. एक्ट एवं धारा 308(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामलाः
प्राप्त शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि उसकी भूमि को चकबंदी विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज करने के एवज में आरोपी पटवारी प्रदीप कुमार द्वारा पहले 3,000 रुपये रिश्वत ली गई तथा शेष 7,000 रुपये की मांग कर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत की पुष्टि उपरांत एसीबी, गुरुग्राम की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।

कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रदीप कुमार मौके से भागने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रिश्वत की राशि पटवार घर के समीप एक खाली प्लॉट में फेंक दी है। आरोपी की निशानदेही पर उक्त 7,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर नियमानुसार पुलिस कब्जे में ली गई। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जनसाधारण के लिए अपीलः
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी/कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर दें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

