
बयाना। नववर्ष के पहले ही दिन गुरुवार सुबह से क्षेत्र में हल्की–हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को जबरदस्त ठंड का एहसास हुआ। दिन का अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस तक रहा, वहीं रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में घना कोहरा छाए रहने के साथ सर्दी और बढ़ सकती है।
बारिश और ठंड का असर बयाना के बाजारों पर भी देखने को मिला। गुरुवार, एक जनवरी को दिनभर बाजार सुनसान नजर आए। लोग ठंड और बारिश के कारण खरीदारी के लिए घरों से बाहर नहीं निकले।

हल्की बारिश से पूरे बाजार क्षेत्र में कीचड़ फैल गया, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। इस मौसम का प्रभाव पशु, पक्षियों और मवेशियों पर भी पड़ा है। ठंड और नमी के कारण पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
बढ़ती सर्दी का असर आमजन की सेहत पर भी दिख रहा है। अस्पतालों और चिकित्सकों के अनुसार सर्दी के कारण लोगों में जुकाम, खांसी और अन्य शीतजन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। चिकित्सकों ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

