
रूपवास। कस्बे के महादेव चौक के निकट बांके बिहारी मार्केट में बुधवार सायं के समय सर्राफा व्यापारी पर फायरिंग कर लूट के प्रयास को लेकर व्यापारियों ने रोष व्यक्त कर गुरुवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रख महादेव चौक पर धरना देना शुरू कर दिया। जिस पर बयाना रूपवास विधायक डॉ ॠतु बनावत व पूर्व जिलाध्यक्ष ॠषि बंसल भी व्यापारियों के साथ धरने पर बैठ गए।
व्यापारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि कस्बे के पुराने थाने पर अस्थाई चौकी खोली गई थी। लेकिन कुछ समय पश्चात ही उसे बंद कर दिया गया। वहीं नगरपालिका की ओर से कस्बे में लगाए गए ज्यादातर सीसीटीवी कैमरे व रोड लाइटें बंद पड़ी हुई है। जिसका फायदा बदमाश किस्म के लोग उठाते हैं। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष ॠषि बंसल ने कहा कि उपखण्ड अधिकारी व नगरपालिका प्रशासक विष्णु बंसल लोगों से सही व्यवहार करते हैं, लेकिन काम नहीं करते, इसी कारण कस्बे के रामसेतु का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।

जिसके कारण बाजार में हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। कस्बे सहित क्षेत्र में अवैध शराब बिक रही है। वहीं विधायक डॉ ॠतु बनावत ने नगरपालिका अधिशासी अधिकारी योगेश पिप्पल को इसी महीने में सीसीटीवी कैमरे व रोड लाइटें ठीक करवाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को तीन दिन में अपराधियों को पकड उनका जुलूस निकालने के लिए भी कहा। जिससे अपराधियों में भय व आमजन में विस्वास पैदा हो। जिस पर वृताधिकारी नीरज भारद्वाज ने तीन दिन में ही अपराधियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। साथ ही व्यापारियों से प्रतिष्ठान खोलने की अपील की। जिस पर व्यापारियों ने करीब 11 बजकर 30 मिनट पर अपने अपने प्रतिष्ठान खोल लिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक अमरसिंह, सतीष मित्तल, धीरज शुक्ला, कौशू पहलवान, विनोद मंगल आदि मौजूद थे।

