
उदयपुर में मासूम बच्चियों और महिलाओं के प्रति हो रही दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला फतहपुरा का बताया जा रहा है, जहां पर एक जिम ट्रेनर ने एक नामी स्कूल में 13 साल की बच्ची के साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं. इतना ही नहीं, जब उसका मन भर गया तो वह वहां से फरार हो गया.
मासूम छात्रा ने घर पहुंच कर अपने घरवालों को सारी आपबीती बताई. परिजन तुरंत बच्ची को लेकर के थाने पहुंचे और यहां पर आरोपी जिम ट्रेनर प्रदीप सिंह झाला के खिलाफ तहरीर पेश की. फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी जिम ट्रेनर प्रदीप सिंह झाला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. दुष्कर्म के बाद आरोपी प्रदीप सिंह झाला फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

जानकारी के मुताबिक, फतहपुरा के एक नामी स्कूल में प्रदीप सिंह झाला जिम ट्रेनर है. प्रदीप यहां पर बच्चों की ट्रेनिंग देता है. बीते 25 अगस्त को स्कूल में छुट्टी घोषित की गई थी. जानकारी नहीं होने की वजह से छात्रा छुट्टी वाले दिन भी स्कूल पहुंच गई. उसे अकेला देखकर प्रदीप सिंह झाला की नीयत उस पर डोल गई और उसने उसे दबोच लिया. हैवान ने स्कूल परिसर में ही उसके साथ गलत काम किया.
डरी-सहमी छात्रा किसी तरह से जब घर पहुंची तो उसने अपने परिजनों को इसके बारे में बताया. गुस्साे परिजन तुरंत अंबामाता थाने पहुंचे और यहां पर स्कूल के जिम ट्रेनर प्रदीप सिंह झाला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई.
थाना अधिकारी मुकेश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में जिम ट्रेनर प्रदीप सिंह झाला की तलाश की जा रही है. बच्ची को छुट्टी की जानकारी नहीं थी, जिसके चलते वह स्कूल पहुंच गई थी. छुट्टी वाले दिन बच्ची को अकेला देखकर प्रदीप सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

