
टोंक। जिले के झिराना थाना इलाके में गुरुवार रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें कार सवार दो दोस्तों की डूबने से जान चली गई। अरनिया काकड़ गांव के पास शराब के कार्टूनों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर तालाब (दादिया नाडी) में जा गिरी। कार के गेट लॉक हो जाने के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल पाए और दम तोड़ दिया। शराब ठेके पर सेल्समैन थे दोनों मृतक : पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हंसराज (40) पुत्र गोपाल गुर्जर और उनके दोस्त हंसराज (42) पुत्र भैरूलाल गुर्जर के रूप में हुई है। दोनों टोंक के डिग्गी इलाके के सोडा गांव के रहने वाले थे और शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करते थे। गुरुवार रात वे अपनी कार में देसी शराब के पव्वों से भरे कार्टून लेकर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाडी के पास एक तीखे मोड़ पर कार बेकाबू होकर सीधे गहरे पानी में जा गिरी।

सुबह ग्रामीणों ने देखी पानी में डूबी कार : हादसा रात के अंधेरे में हुआ, इसलिए किसी को भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जब ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे, तो उन्हें कार का कुछ हिस्सा पानी के ऊपर नजर आया। सूचना मिलते ही झिराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से जब कार का गेट खोला गया, तो ड्राइविंग सीट पर एक युवक का शव मिला, जबकि दूसरा युवक पीछे की सीट पर शराब के कार्टूनों के नीचे दबा हुआ पाया गया।
ट्रैक्टर से निकाली गई कार, परिजनों में कोहराम : पुलिस ने ग्रामीणों और ट्रैक्टर की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला। झिराना अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। एक ही गांव के दो दोस्तों की एक साथ मौत की खबर से सोडा गांव में मातम पसर गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा केवल मोड़ की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था।

