
नीमराना। सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध में कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित 9 जनवरी 2026 के आंदोलन को लेकर नीमराना कस्बे में कांग्रेस कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी ने की। बैठक में स्मार्ट मीटर से आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों, बढ़ते बिजली बिल और तकनीकी खामियों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल 2 से 4 गुना तक बढ़ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को गलत व तेज रीडिंग, तकनीकी खराबी तथा चार्जिंग के दौरान बिजली गुल होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मीटर में लगी नॉन-रिचार्जेबल बैटरी और एलईडी लाइट के कारण भी बिजली की खपत बढ़ रही है, जिसका सीधा आर्थिक बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे महावर धर्मशाला से एसडीएम कार्यालय नीमराना तक आयोजित होने वाले हल्लाबोल विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम को पूरी ताकत के साथ सफल बनाया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक आमजन को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक स्मार्ट मीटर से जुड़ी जनविरोधी व्यवस्था को वापस नहीं लिया जाता, तब तक पार्टी जनहित में अपना संघर्ष जारी रखेगी। बैठक में नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी, उपाध्यक्ष संजय यादव, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद चर्खिया, सचिव राजकुमार, मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, नरेश योगी उर्फ भरतरी, जयपाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

