
जोधपुर। जोधपुर कमिश्नरेट की CST टीम ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही दो शातिर बदमाशों को दबोचकर शहर में खून-खराबा टाल दिया है। पुलिस ने कायलाना रोड पर घेराबंदी कर एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। ये बदमाश आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में थे। पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश और डीसीपी (मुख्यालय एवं यातायात) शाहीन सी के निर्देशों पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है। एडीसीपी सुनील के पवार के सुपरविजन में CST प्रभारी SI मेहराज और उनकी टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई की। इस ऑपरेशन में कांस्टेबल बलवीर (नम्बर 2077) की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनका रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है: शौकत उर्फ भा सा (40) निवासी केरू। यह राजीव गांधी नगर थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है और इसके खिलाफ पहले से 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं औऱ वसीम (33) निवासी सिंधी बस्ती, मसूरिया है. इसके खिलाफ भी 8 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी वसीम ने पुरानी रंजिश के चलते इमरान सौदागर को जान से मारने की धमकी दे रखी थी। वसीम पिछले कई दिनों से इमरान की रैकी कर रहा था और उसकी हर मूवमेंट पर नजर रख रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हथियार लेकर वारदात को अंजाम देने के लिए कायलाना रोड के पास मौजूद हैं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। इनके पास से एक पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन दोनों गुटों के बीच लंबे समय से खूनी रंजिश चल रही है। रंजिश का आलम यह है कि अब तक दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट सहित कुल 10-12 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। समय रहते पुलिस की इस कार्रवाई ने एक और संभावित हत्या की वारदात को रोक दिया है।

