
डीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई, 18 माह से था फरार भीलवाड़ा। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने महिला की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने के मामले में 18 माह से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा बुद्धराज, वृत्ताधिकारी गंगापुर सुदर्शन पालीवाल एवं थानाधिकारी गंगापुर लीलाधर मालवीय के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल सिंह उर्फ अजयपाल सिंह पुत्र जसु सिंह राजपूत, निवासी रेवाड़ा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2024 को प्रार्थी पिंटू सुवालका निवासी बिकराई थाना गंगापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां लाली देवी रोज की तरह खेत पर काम करने गई थीं। दोपहर करीब 3:13 बजे लाली देवी ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर जब प्रार्थी खेत पर पहुंचा तो वहां आरोपियों द्वारा लाठियों से मारपीट की जा रही थी।

आरोप है कि खेत में गिरने के बाद लाली देवी को पकड़ लिया गया और आरोपी राजू सुवालका ने पुराने ट्रैक्टर से पहले उनकी गर्दन और फिर कमर पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को बांगड़ अस्पताल, भीलवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने पहले ही राजू उर्फ राजकुमार एवं रामू सुवालका को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जबकि कपिल सिंह उर्फ अजयपाल सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी आबकारी विभाग के चित्तौड़गढ़, कपासन एवं बड़ीसादड़ी क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में भी वांछित था। डीएसटी टीम ने तकनीकी एवं खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में ओमप्रकाश (हेड कांस्टेबल, डीएसटी), सत्यनारायण शर्मा (हेड कांस्टेबल, साइबर सेल) एवं राधेश्याम (कांस्टेबल, डीएसटी) का विशेष योगदान रहा।

