
अररिया : बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज से बुधवार की सुबह करीब 9 बजे एक बीपीएससी शिक्षिका की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए. हत्या की सूचना पर मौके पर भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक शिक्षिका की पहचान शिवानी वर्मा के रूप में की. जहां बदमाशों ने शिक्षिका के सिर में गोरी मारी थी. पुलिस इस हत्याकांड की जांच कर ही है. बता दें कि यह वारदात खाबदा कन्हैली गांव में शिव मंदिर के पास हुई. जहां शिवानी मध्य विद्यालय कन्हैली में पढ़ाती थीं.
यूपी पुलिस के अफसर की बेटी थी शिवानी
बता दें कि शिवानी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रहने वाली थीं. उनके पिता वहां सर्किल इंस्पेक्टर (पुलिस अधिकारी) हैं. शिवानी की दो बहनें भी बिहार में सरकारी शिक्षिका हैं. वहीं, शिवानी की छोटी बहन जूली ने बताया कि वह नरपतगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा चुकी हैं. जूली ने बताया कि एक साल पहले उसी स्कूल के शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा ने उनकी बहन शिवानी से शादी करने के लिए बहुत दबाव डाला था. उनकी दीदी ने मना कर दिया तो रंजीत ने जान से मारने की धमकी दी थी.जान लेने की कोशिश कर चुका था रंजीत

जूली ने आगे बताया कि रंजीत ने कई बार उनकी दीदी शिवानी का रास्ता रोका और तेज बाइक से ओवरटेक करके एक्सीडेंट कराने की कोशिश भी कर चुका है. उन्होंने प्रिंसिपल को फोन करके सारी बात बताई थी. उन्होंने कहा था कि समझा देंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ. जूली ने पुलिस से मांग की है कि रंजीत से सख्ती से पूछताछ की जाए. उनका मानना है कि पुरानी रंजिश की वजह से ही उनकी बहन की हत्या हुई है. पुलिस अब इस नए एंगल से भी जांच कर रही है.
जूली की आंसुओं भरी अपील
मीडिया के सामने रोते हुए जूली ने कहा कि मेरी दीदी बहुत अच्छी थीं. जो भी दोषी है, चाहे वो कोई भी हो, उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए. हमारी पूरी फैमिली टूट गई है. बिहार सरकार और पुलिस से गुजारिश है कि जल्दी से जल्दी अपराधी पकड़े जाएं. मेरी दीदी को इंसाफ चाहिए. वहीं, पुलिस ने केस दर्ज कर स्पेशल टीम बना दी है और लगातार छापेमारी चल रही है.
शिक्षक संघ ने निकाला कैंडल मार्च
वहीं, अररिया के शिक्षक संघ भी घटना से मर्माहत हैं और पुलिस से हत्यारे की गिरफ़्तारी कर कड़ी-से कड़ी सजा दिलवाने की मांग कर रहे है. अररिया में शिक्षिका की हत्या से मर्माहत शिक्षकों ने कैंडल मार्च निकालकर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए शिवानी वर्मा हत्याकांड के आरोपी के गिरफ़्तारी की मांग कर रहे हैं. शिक्षकों ने बताया कि ऐसे जघन्य अपराध से महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

