
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-26 टिंबर मार्केट की शाम अचानक गोलियों की आवाज़ से दहशत में बदल गई। कार में सवार इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी पर करीब पाँच गोलियां दागी गईं। हमलावर उतारकर दूसरी कार में बैठे, और जाते-जाते भी गोलियां बरसाईं। चंद मिनटों में पैरी की सांसें थम चुकी थीं। यह सिर्फ एक हत्या नहीं थी—यह लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग के बीच खुली जंग का ऐलान था। क्रेटा कार से आया कातिल, पंचकूला में छोड़ा सुराग पुलिस जांच में सामने आया कि मर्डर में इस्तेमाल की गई सफेद क्रेटा हमलावर पंचकूला में छोड़कर फरार हो गए। CIA और क्राइम ब्रांच ने कार बरामद कर ली है। CCTV फुटेज में दो कारें, कई युवक और हमलावरों का मूवमेंट स्पष्ट दिख रहा है।
लॉरेंस गैंग की फेसबुक पोस्ट—नया युद्ध शुरू
हत्या के कुछ देर बाद ही फेसबुक पर लॉरेंस गैंग की ओर से एक पोस्ट डाली गई। उसमें साफ लिखा था—“आज से नई जंग शुरू हो चुकी है… पैरी की हत्या की जिम्मेदारी हमारी है। गोल्डी और रोहित ने हमारे ग्रुप के खिलाफ जाकर क्लबों से पैसे इकट्ठा करवाए। यह गद्दार था। जो भी इनके साथ दिखेगा, उसे भी नहीं छोड़ा जाएगा।”
पोस्ट में कई पुराने हमलों और सिप्पा की हत्या का बदला लेने का इशारा भी है।
पुलिस ने पोस्ट अपने रिकॉर्ड में शामिल कर जांच शुरू कर दी है।
इधर गोल्डी बराड़ का ऑडियो—“लॉरेंस ने गद्दारी की, पैरी निर्दोष था”

उधर गोल्डी बराड़ का एक 8–9 पॉइंट वाला ऑडियो सामने आया, जिसमें वो लॉरेंस को गद्दार कह रहा है। उसके आरोप बेहद गंभीर : गोल्डी के आरोप—पैरी को लॉरेंस ने खुद फोन कर बुलाया, कहा—“परिवार वाली बात करनी है।” अपने ही आदमी के साथ भेजकर उसका कत्ल करवा दिया। पैरी के माता-पिता ने लॉरेंस को कठिन दिनों में अपने घर में पनाह दी थी।
“जिस मां ने रोटी खिलाई, उसी का बेटा तूने मार दिया।”
“तेरी दुश्मनी में निर्दोष को मारना कलंक है।”
“दुनिया की कोई ताकत तुझे नहीं बचा सकती, उल्टी गिनती शुरू।”
दुबई में सिप्पा की हत्या को भी सही ठहराया और कहा— “हम नाजायज को नहीं मारते, सिर्फ गद्दार को सजा देते हैं।” गोल्डी ने स्पष्ट कहा कि पैरी का किसी गैंगवार से कोई संबंध नहीं था, वह अभी-अभी शादी करके नॉर्मल जिंदगी में लौट रहा था।
पुलिस की शुरुआती जांच — गैंग टकराव की बड़ी स्क्रिप्ट
पुलिस सूत्रों का दावा है—दुबई में जोरा सिद्धू उर्फ सिप्पा की हत्या का बदला इस मर्डर के रूप में लिया गया है। सिप्पा लॉरेंस ग्रुप का नज़दीकी था।
उसकी हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी गैंग ने ली थी।
दोनों गैंगों के बीच पहले से तनाव था। अब यह तनाव खुली लड़ाई में बदल चुका है।
मर्डर कैसे हुआ — पूरी क्राइम सीक्वेंस
पैरी देर शाम सेक्टर-26 पहुंचा। हमलावर दो कारों में उसका पीछा कर रहे थे। टिंबर मार्केट में मोड़ पर कार रोकी गई। 3 बदमाश आगे आए और करीब पाँच गोलियां दागीं।
एक गोली सीधे छाती में लगी। हमलावर वापस कार में बैठकर भागे और पंचकूला में छोड़ी क्रेटा से दूसरी बाइक/गाड़ी में फरार हो गए।
राहगीरों ने पैरी को PGI ले जाया, पर वह बच न सका। CCTV फुटेज पुलिस की सबसे बड़ी उम्मीद फुटेज में— हमलावरों का चेहरे-हावभाव, दोनों कारों की मूवमेंट, भागने का एंगल, टाइमिंग सब कुछ रिकॉर्ड है। पुलिस पहचान करने के लिए इसे फ्रेम-दर-फ्रेम एनालाइज कर रही है।
परिवार सदमे में, शहर सहम गया
पैरी की हाल ही में शादी हुई थी। घर में खुशियां थीं। मर्डर के बाद माहौल मातम में बदल गया। चंडीगढ़ पुलिस ने इलाकों में नाकाबंदी बढ़ाई है और दोनों गैंगों की गतिविधियों पर करीबी नजर रखी जा रही है।

