
श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में ठगों ने तांबे और चांदी के बर्तन पॉलिश करने का झांसा देकर लाखों के सोने के गहने उड़ाए। वारदात दिनदहाड़े हुई और दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में साफ़ कैद हुए हैं। आवाज लगाकर गली में घूमते ये ठग घर के अंदर पहुंचे, भरोसा जीता और पल भर में जेवरात लेकर ओझल हो गए।
“बर्तन पॉलिश करवाओ… चमका देंगे!” – इसी आवाज के सहारे घर में घुसे ठग गौरव कुमार (41) निवासी वार्ड 27, सूरतगढ़ ने पुलिस को बताया कि उसकी मां और पत्नी बालकनी में बैठी थीं। तभी दो युवक गली में चलते-चलते बर्तन पॉलिश करने की आवाज लगा रहे थे। कुछ देर बाद दोनों घर के पास आए और महिलाओं से बोले—“हम तांबा, चांदी, सोना… हर किस्म के बर्तन व जेवरात चमका देते हैं। चंद मिनट में जैसे नए हो जाएंगे।”
उनकी बात और चाल-ढाल में इतनी सफाई थी कि शक की कोई गुंजाइश ही नहीं बची।
पहले बर्तन चमकाए, फिर गहने मांगे… और पलक झपकते भाग निकले
गौरव की मां ने पहले तांबे के बर्तन आरोपियों को दिए। उन्होंने मौके पर ही उन्हें चमकाकर वापस कर दिया।यही देखकर परिवार का भरोसा बढ़ गया।

इसके बाद—
मां ने आधा तोला सोने की अंगूठी,
बहू ने 5 तोला सोने के दो कंगनपॉलिश कराने के लिए दे दिए।
जेवर हाथ में आते ही दोनों ठग अपनी बाइक स्टार्ट करके फुर्र… सूरतगढ़ की गलियों में कहीं गुम हो गए।
सीसीटीवी में दर्ज पूरी कहानी, पुलिस ने बनाई टीमें
पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कैसे दोनों आरोपी पहले गली में घूमते हैं, फिर आवाज लगाते हुए घर में प्रवेश करते हैं और कुछ देर बाद तेज़ी से बाइक भगाकर निकल जाते हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल महावीर सिंह कर रहे हैं।
लोगों से चेतावनी : “सड़क पर मिलने वाले पॉलिश करने वालों से सावधान रहें। पुलिस ने अपील की है कि— किसी भी अजनबी पॉलिश करने वाले पर भरोसा न करें। गहने कभी हाथ से न दें। संदिग्ध दिखें तो तुरंत थाने में सूचना दें।

