
अलवर। नौगांवा थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथगढ़ कॉलोनी में मंगलवार सुबह जमीन विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों, फरसियों और बांकड़ों से जमकर संघर्ष हुआ। इसी दौरान अचानक चली गोली 30 वर्षीय रफीक खान के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में उसे पहले निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रफीक ड्राइवरी करता था और चार बच्चों का पिता था। इस हमले में तीन महिलाओं समेत करीब छह लोग घायल हुए, जिन्हें नौगांवा से जिला अस्पताल रेफर कराया गया। मृतक के परिजन शहरुउन खान के अनुसार, आरोपी सुपेदा, रोशन, फज्रू और सुलेमान के परिजनों ने मिलकर हमला किया। परिजनों का आरोप है कि विवाद सुब्बा की 8 बीघा जमीन से जुड़ा था। आरोपियों की करीब दो बिस्सा जमीन को लेकर कहासुनी हो रही थी।

आरोपी बीच में रास्ता देने की मांग कर रहे थे, जबकि पीड़ित पक्ष का कहना था कि ऐसा करने से जमीन का पूरा नक्शा बिगड़ जाएगा।
परिजनों के अनुसार, आरोपी 50–60 लोगों के साथ आए और अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों से शुरू हुआ विवाद गोली चलने तक पहुंच गया। परिवार वालों का दावा है कि झगड़ा सुबह 9 से 11 बजे तक करीब दो घंटे चला रफीक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। कोतवाली और NEB थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंच चुकी है। दूसरे पक्ष के कुछ घायलों को भी भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मौके और अस्पताल में तैनात है, ताकि स्थिति न बिगड़े।

