
फरीदाबाद।
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो ने एक शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए ईएएसआई संजय कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में सबूतों के आधार पर मुख्य सिपाही खालिद और मुख्य सिपाही फारूख को भी गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि फरीदाबाद के सीआईए स्टाफ, सेक्टर-65 से कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में उसकी कबाड़ की दुकान पर आए। उन्होंने उसके पिता को एक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ चलने को कहा। जब शिकायतकर्ता अपने एक दोस्त के साथ सीआईए स्टाफ पहुंचा, तो उसे बाहर ही रोक दिया गया।

इधर, ईएएसआई संजय कुमार, मुख्य सिपाही खालिद और मुख्य सिपाही फारूख ने शिकायतकर्ता के पिता को चोरी के आरोप में गिरफ्तार न करने के एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बार-बार अनुरोध करने पर, वे 25,000 रुपये लेने पर सहमत हो गए।
ब्यूरो ने इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई की और तीनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ा कदम है।

