
सोनभद्र:
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन की चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रकों पर पत्थर फेंकने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने सख्त कदम उठाते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और कोतवाल गोपाल जी गुप्ता को लाइन हाजिर कर दिया। क्राइम इंस्पेक्टर माधव सिंह को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
क्या है पूरा मामला
- जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे लोढ़ी टोल प्लाजा के पास खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम खनिज लदे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टोल प्लाजा की ओर से तीन ट्रक बिना रुके तेजी से आए। सर्वेयर योगेश शुक्ला और पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रक चालकों ने बैरिकेड तोड़कर भागने का प्रयास किया।आरोप है कि चालकों ने सर्वेयर योगेश शुक्ला को कुचलने की कोशिश की। इसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने ट्रकों पर पत्थर फेंके, जिससे ट्रकों के शीशे टूट गए। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।

वायरल वीडियो से मचा बवाल
- घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें पुलिसकर्मियों को रोकिए, रोकिए चिल्लाते हुए और ट्रकों पर पत्थर फेंकते हुए देखा गया। इस वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इसे पुलिस की बेबसी करार दिया, जबकि अन्य ने अवैध खनन माफिया के खिलाफ पुलिस की कथित लापरवाही का आरोप लगाया।
पुलिस की कार्रवाई
- एसपी अशोक कुमार मीणा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अनुराग तिवारी को पत्थर फेंकने का दोषी पाया गया, जिसके बाद तीनों को निलंबित कर दिया गया। कोतवाल गोपाल जी गुप्ता को लाइन हाजिर किया गया। एसपी ने स्पष्ट किया, ट्रकों को रोकने का तरीका गलत था। पुलिस की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
- सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने बताया कि सर्वेयर योगेश शुक्ला की तहरीर के आधार पर ट्रक चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालकों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद है। साथ ही, अवैध खनन के इस मामले में पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त जांच तेज कर दी गई है।

