
सहारनपुर के गंगोह कस्बे में जल निगम की लापरवाही ने एक मासूम बच्ची की जान ले ली। बुधवार को सराय इलाही बख्श मोहल्ले में गैस सिलेंडर से लदा एक रेहड़ा सड़क पर जल निगम द्वारा खोदी गई खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में सिलेंडर तीन वर्षीय बच्ची पर गिर गए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृत बच्ची की पहचान
- मृत बच्ची की पहचान खालिद की पुत्री हुरेन के रूप में हुई है। यह हृदय विदारक घटना मौलाना रशीदी गंगोही मदरसे के पास घटी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निगम ने पूरे कस्बे की सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया है।
- इसके चलते क्षेत्र में जगह-जगह गड्ढे और असमतल रास्ते बन गए हैं, जिससे आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
- लोगों ने जल निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टल सकता था।

राजनीतिक प्रतिक्रिया
- रालोद नेता हाजी सलीम कुरैशी मौके पर पहुंचे और घटना के लिए नगर पालिका, जल निगम और गैस एजेंसी वेंडर को जिम्मेदार ठहराया।उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी।
- नगर पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि नोमान मसूद ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।साथ ही जल निगम अधिकारियों को तत्काल सड़कों की मरम्मत के निर्देश भी दिए।
स्थानीय जनता की मांग
इस दर्दनाक हादसे ने संबंधित विभागों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से कस्बे की सड़कों की जल्द मरम्मत कराने, अधूरी परियोजनाओं को समय से पूरा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

