
चंडीगढ़। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, मुख्यालय पंचकूला में कार्यरत चालक विजय (एचकेआरएन) को 50 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सेक्टर-5 पंचकूला स्थित हैफेड के नजदीक पकड़ा गया। ब्यूरो के अनुसार, इस संबंध में आरोपी विजय के खिलाफ अभियोग संख्या 16, दिनांक 19.11.2025, धारा 7ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत पर हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो को बताया कि उसके रिश्तेदार अनूप (निवासी गोगडिया, जिला जींद) के खेतों की सिंचाई बधाना माइनर से होती है। पहले आरडी 10200 एल 1 आर पर बना आउटलेट खेतों से दूर था। आउटलेट को स्थानांतरित कर आरडी 12500 एल पर नया आउटलेट बनाने का प्रस्ताव सिंचाई विभाग मुख्यालय में लंबित है।

शिकायतकर्ता जब फाइल संबंधी जानकारी के लिए मुख्यालय पहुंचा, तो वहां तैनात विशम्बर (एडवाइजर) ने बताया कि प्रक्रिया जारी है और उसे चालक विजय से मिलने को कहा। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह चालक विजय से मिला तो उसने विभागीय अधिकारी के कहने पर फाइल निकालने की एवज में 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
जाल बिछाकर पकड़ा गया आरोपी
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता ब्यूरो ने जाल बिछाया और मंगलवार को आरोपी विजय को शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

