
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से मंगलवार को हादसे की दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, अकबराबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कार और कैंटर की भयानक टक्कर के बाद लगी आग की चपेट में आ कर 4 लोग जिंदा जल गए हैं। मृतकों में महिला और बच्चा भी शामिल है। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में ।
दमकल की गाड़ियां मौके पर
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ में हुए हादसे में मासूम बच्चे व महिला सहित चार लोग जिन्दा जल गए हैं। वहीं, एक व्यक्ति इस हादसे में घायल है। हादसे की घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात सहित दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। वाहन में फंसे एक शख्स ने राहगीर की मदद से खुद को बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

क्या था हादसे का कारण?
जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ की ओर जा रही कार का गोपी पुल के पास टायर फट गया था। इस कारण कार का चालक कंट्रोल खो बैठा और कार सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई। टक्कर के कारण दोनों गाड़ियों में आग लग गई और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस ने क्या बताया?
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुए हादसे में 4 लोगों की मौत पर ग्रामीण एसपी अमृत जैन ने कहा- “हमें सूचना मिली थी कि गोपी पुल पर दो गाड़ियों में टक्कर हो गई है। और दोनों गाड़ियों में आग लग गई है। पुलिस, दमकल टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में चार लोगों की जान चली गई।” जानकारी के मुताबिक, अभी तक किसी भी पीड़ित की पहचान नहीं हो पाई है। पीड़ितों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

