
लालसोट। मंडावरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेंकोटा–सवाई माधोपुर मेगा हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। रायपुरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहा।मंडावरी थाना पुलिस के एएसआई कैलाश मीणा के अनुसार, सवाई माधोपुर की ओर से आ रही पिकअप ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की हुई पहचान पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त डीडवाड़ी निवासी मोहर सिंह गुर्जर और गालाद निवासी इरफान खान के रूप में की है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह मंडावरी उप जिला अस्पताल में मेडिकल टीम द्वारा दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई परिजनों की शिकायत पर मंडावरी पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है।

