
दौसा। जिले के कोलवा थाना पुलिस ने ग्राम कुण्डल में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपी राजेश उर्फ सुखराम बावरिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 64 ग्राम सोना बरामद किया है। कैसे हुई थी चोरी थानाधिकारी रामशरण के अनुसार, 18 अगस्त की रात रामस्वरूप पुत्र मूलचंद शर्मा, निवासी कुण्डल के घर में अज्ञात चोर घुस गए थे। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और लोहे के बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित कुल 15 लाख रुपए की चोरी कर ली थी।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
चोरी की गंभीर वारदात को देखते हुए थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

साइबर सेल के कांस्टेबल महेन्द्र कुमार ने तकनीकी संसाधनों की मदद से बीटीएस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी
आरोपी राजेश उर्फ सुखराम बावरिया, निवासी राजवास थाना बरोनी (जिला टोंक), हाल खानाबदोश गणेशपुरा, को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 64 ग्राम जेवराती सोना जब्त किया गया।
टीम का विशेष योगदान
कार्रवाई में थानाधिकारी रामशरण सहित साइबर सेल के एएसआई प्रेम नारायण, एचसी हरीशंकर, राजेंद्र प्रसाद, संजय कुमार, कमलेश और महेंद्र कुमार शामिल रहे। मामले में राजेंद्र और महेंद्र की विशेष भूमिका रही।

