
जयपुर । मंगलवार सुबह दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में मजदूरों से भरी प्राइवेट स्लीपर बस हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गई। करंट लगने से बस में भीषण आग भड़क उठी, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई है ,10 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा जयपुर ग्रामीण जिले के मनोहरपुर इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार, बस में सवार मजदूर टोडी स्थित ईंट भट्टे पर काम करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बस का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली की तारों से टकरा गया। करंट लगते ही बस में आग लग गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। राहत दल ने आग पर काबू पाने के बाद घायलों को शाहपुरा उपजिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को जयपुर रेफर कर दिया गया।
इस घटना पर हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट कर लिखा जयपुर के मनोहरपुर क्षेत्र में हाइटेंशन लाइन के चपेट में आने से एक स्लीपर बस में आग लगने से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है,इस हादसे में दो मजदूरों की मृत्यु हो जाने व कई लोगों के गंभीर रूप से झुलस जाने के समाचार प्राप्त हुए है |ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें |

