
टोंक। जिले के टोड़ारायसिंह उपखंड में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। राजमहल से बोटूंदा की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बनास नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसा सुबह करीब 9 बजे राजमहल रपटा पर हुआ, जब चालक ने तेज धारा के बावजूद रपटा पार करने की कोशिश की। हालांकि समय रहते ग्रामीणों और जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर पर सवार दोनों युवकों की जान बचा ली गई। जानकारी के अनुसार, बीते दिनों बीसलपुर बांध के जलग्रहण क्षेत्र — भीलवाड़ा और राजसमंद जिलों में भारी बारिश हुई थी। इससे बांध में पानी की बड़ी मात्रा में आवक होने लगी। जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए बीसलपुर बांध के गेट नंबर 10 और 11 को दो-दो मीटर तक खोला गया, जिससे बड़ी मात्रा में पानी बनास नदी में छोड़ा जा रहा है। इस जल निकासी के चलते बनास नदी में तेज प्रवाह बन गया और कई स्थानों पर नदी उफान पर आ गई।

राजमहल–बोटूंदा रपटा पर भी नदी का पानी तेजी से बह रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने पानी का बहाव देखते हुए भी रपटा पार करने की कोशिश की, लेकिन वाहन बीच में फँस गया और कुछ ही क्षणों में बहाव में बहकर नीचे चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर में दो युवक सवार थे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव के प्रयास शुरू किए, लेकिन तेज धारा के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसी बीच पास के गांव से जेसीबी मशीन मंगवाई गई, जिसकी सहायता से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचित किया और क्षेत्र में नदी पार करने पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
गौरतलब है कि बीसलपुर बांध से पानी की लगातार निकासी के कारण टोंक जिले के कई हिस्सों में बनास नदी का जल

