
जोधपुर। जोधपुर पश्चिम जिला पुलिस ने पाल रोड स्थित मंगलदीप कॉम्प्लेक्स में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज और डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी देवेन्द्रसिंह उर्फ मनसा (29) को जालोर जिले के आहोर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 6 अवैध पिस्टल और 11 मैगजीन बरामद हुई हैं। यह वारदात 10 मार्च 2026 को मंगलदीप कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर 402 में घटित हुई थी।

यहाँ आपसी विवाद के चलते छोटुसिंह राजपूत, अनिल बिश्नोई और देवेन्द्र उर्फ मनसा के बीच खूनी संघर्ष हुआ और ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। इस गोलीबारी में छोटुसिंह और अनिल बिश्नोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका वर्तमान में अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र उर्फ मनसा के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में अवैध हथियार कहाँ से लाया था और इस गैंग में अन्य कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है

