
जयपुर। मंगलवार सुबह जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में स्थित 10-मंजिला अपार्टमेंट ‘अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी’ के 6वीं मंजिल के फ्लैट में अचानक आग लगने से पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि फ्लैट में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई के कारण किसी की जान नहीं गई।
सूत्रों के अनुसार, आग मंगलवार सुबह 6:30 बजे के आसपास कमल के फ्लैट में लगी। पहले तो फ्लैट में धुआं और आग की छोटी-छोटी लपटें उठीं, लेकिन देखते ही देखते आग विकराल रूप ले लिया। फ्लैट के बाहर रहने वाले लोग तुरंत अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकले। अपार्टमेंट में करीब 200 लोग रहते हैं, जो अचानक उठी आग और धुएं से भयभीत हो गए। सुचना पर श्याम नगर थाना पुलिस ने तुरंत रेसिडेंसी गार्ड्स की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

आग लगने के बाद दो परिवार के कुल 8 सदस्य आग से बचने के लिए अपार्टमेंट की छत पर पहुंचे। इनमें 80 साल की बुजुर्ग महिला भी शामिल थी। लिफ्ट जल जाने और धुएं के बढ़ने के कारण वे नीचे उतर नहीं पा रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हाइड्रोलिक फायर बिग्रेड मंगवाई। पुलिसकर्मी कॉन्स्टेबल अंकित और मुखराम ने कड़ी मशक्कत के बाद 5वीं मंजिल तक पहुंचकर शीशे तोड़कर धुएं को बाहर निकाला और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर लाने में मदद की। इसके बाद सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
आग से कमल के फ्लैट में रखा सारा सामान जल गया, अनुमान है कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ हे। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
SHO श्याम नगर, दलवीर सिंह ने कहा, “हमने रेजिडेंसी गार्ड्स और फायर ब्रिगेड की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हाइड्रोलिक फायर बिग्रेड की सहायता से छत पर फंसे परिवार को भी बचाया गया। आग पर काबू पाने में आधे घंटे का समय लगा।

