
बयाना। बयाना होकर करौली स्थित कैला देवी मंदिर की ओर जा रहे पदयात्रियों की भारी भीड़ के कारण ब्रह्मवाद रेलवे फाटक पर सोमवार को भीषण जाम की स्थिति बन गई। पिछले करीब 3 घंटे से फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए कैला देवी के दर्शन के लिए जा रहे हैं। यह पदयात्री रुदावल से होते हुए ब्रह्मवाद और बयाना मार्ग से करौली की ओर बढ़ रहे हैं।

इसी मार्ग पर आगरा-बयाना रेलवे लाइन का ब्रह्मवाद फाटक पड़ता है, जहां लगातार बढ़ती भीड़ के कारण यातायात बाधित हो गया है। रेलवे ट्रेनों के आवागमन के चलते फाटक को बार-बार बंद और खोलना पड़ रहा है। ऐसे में भारी भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण जाम की स्थिति लगातार बनी हुई है।
जाम में बयाना से बाड़ी, बसेड़ी, धौलपुर, रुदावल और रूपवास की ओर जाने वाले लोग फंसे हुए हैं। कई वाहन चालक और यात्री घंटों से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
मौके पर पुलिस प्रशासन के जवान मौजूद हैं और जाम को खुलवाने के प्रयास में लगे हुए हैं। पुलिस द्वारा भीड़ को व्यवस्थित कर यातायात सामान्य कराने की कोशिश की जा रही है।

