दिल्ली : मयूर विहार में कार से मिला ड्राइवर का शव, स्टार सिटी मॉल के पार्किंग एरिया का मामला
नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पूर्वी इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्टार सिटी मॉल की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक होंडा सिटी कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। जानकारी के अनुसार घटना मयूर विहार इलाके की है, जहां सुबह करीब 8 बजे मॉल कर्मचारियों की नजर रात से खड़ी एक कार पर पड़ी। कार के शीशे बंद थे और अंदर किसी तरह की हलचल दिखाई नहीं दे रही थी। संदेह होने पर जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। करीब से देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मयूर विहार थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में कार के अंदर किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
दिल्ली : मयूर विहार में कार से मिला ड्राइवर का शव, स्टार सिटी मॉल के पार्किंग एरिया का मामला
आशंका जताई जा रही है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है, या फिर बंद कार में दम घुटने से मौत हुई हो। हालांकि हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। जानकारी के अनुसार, मॉल परिसर में एचडीएफसी लाइफ का कार्यालय स्थित है और कार उसी कार्यालय में कार्यरत गौरव नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गौरव ने कार चलाने के लिए ऑनलाइन ड्राइवर बुक किया था। उसी ड्राइवर का शव कार के अंदर मिला है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मॉल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी। पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि कार कब से पार्किंग में खड़ी थी।
दिल्ली: सरकारी कर्मचारी से लूट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद
नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका जिले में पुलिस ने सरकारी कर्मचारी से लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई करीब 11 ग्राम वजन की सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 20 फरवरी की रात पीएसआर में फोन आया, जिसमें कॉलर ने सूचना दी कि उसके साथ मारपीट कर चेन छीन ली गई है। लूट की सूचना मिलते ही एसआई राजेश कुमार पुलिस स्टाफ के साथ द्वारका मोड़ स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। भगवती गार्डन एक्सटेंशन, मोहन गार्डन निवासी पीड़ित अभिषेक हुड्डा (30) ने बताया कि वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। जब वह द्वारका मोड़ पर मोरसाब रेस्टोरेंट के पास पहुंचे, तभी तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया, मारपीट की और उनकी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के बयान पर एसआई राजेश कुमार ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एक दिन तक अपराधियों की जानकारी न मिलने पर जांच एसएचओ मुकेश अंतिल को सौंप दी गई।
दिल्ली: सरकारी कर्मचारी से लूट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद
पुलिस अधिकारियों ने आगे बताया कि एसीपी नजफगढ़ प्रकाश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, राकेश और धर्मेंद्र शामिल थे। इसके बाद पुलिस टीम ने बिंदापुर, रणहोला और मोहन गार्डन इलाके में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपी मोहर सिंह (28), गोरव उर्फ गोलू (22) और करण (19) को गिरफ्तार किया। सभी निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली के रहने वाले हैं और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए चोरी और लूट करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, मोहर सिंह पहले 14 मामलों में और गोरव उर्फ गोलू दो मामलों में संलिप्त रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है। इसके अन्य साथियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही पूरे ग्रुप को गिरफ्तार किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा : एनकाउंटर में 2 गिरफ्तार, गोवध से संबंधित उपकरण बरामद
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और गोवध से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि करौली अंडरपास के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के रुकने के इशारे पर दोनों बदमाशों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। जवाबी कार्रवाई के तहत की गई फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
ग्रेटर नोएडा : एनकाउंटर में 2 गिरफ्तार, गोवध से संबंधित उपकरण बरामद
घायल की पहचान सलमान पुत्र बुखारी निवासी मोहल्ला आरापुरी, थाना कैराना, जिला शामली के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी असलम पुत्र अकबर निवासी ग्राम रोहिन्दा, थाना अरनिया, जिला बुलंदशहर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे .315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा गोवध के लिए उपयोग में लाए जाने वाले उपकरण- 2 रस्सियां, 2 चाकू, 1 सिरिंज, 1 इंजेक्शन की शीशी और 2 खाली प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और थाना रबूपुरा में पंजीकृत मुकदमा और गोवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहे थे। दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बिहार: क्रिकेट मैदान बना खूनी जंग का अखाड़ा, युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज । बिहार के गोपालगंज में क्रिकेट खेलने को लेकर हुई चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गोपालगंज से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। यह घटना कटेया थाना क्षेत्र के रामपुर ब्रह्मस्थान गांव की है। घायल युवक की पहचान रामपुर गांव के कमलेश कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रामपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में कमलेश कुशवाहा पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कमलेश को आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारा, जिससे वह बेहोश हो गया। इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने युवक की हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
बिहार: क्रिकेट मैदान बना खूनी जंग का अखाड़ा, युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
इस घटना से पीड़ित के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कमलेश कुशवाहा के परिजनों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। चाकूबाजी की घटना के बाद हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर एफएसएल टीम की मदद से पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी की घटना में संलिप्त नूर आलम और हनान मियां को गिरफ्तार कर लिया है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि कटेया थाना अंतर्गत पंचदेवरी प्रखंड के रामपुर ब्रह्मस्थान के समीप एक चाकूबाजी की घटना हुई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना क्रिकेट खेलने के विवाद को लेकर हुई थी। फिलहाल, आगे की कार्रवाई जारी है।
जोधपुर में रसूख का अंधा प्रदर्शन : DPS रिंग रोड पर बीच सड़क आतिशबाजी और स्टंट, पुलिस की मौजूदगी में लगा भारी जाम
जोधपुर। सूर्यनगरी जोधपुर से कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को ठेंगा दिखाने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। शहर के DPS सर्कल रिंग रोड पर रविवार देर रात कुछ युवकों ने बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर जमकर स्टंटबाजी की और आतिशबाजी का प्रदर्शन किया। इस ‘हुड़दंग’ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीच हाईवे परआतिशबाजी और भारी जाम जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात 10:43 बजे की है। बताया जा रहा है कि संभवतः किसी शादी की बारात के दौरान रसूखदारों ने अपनी गाड़ियां रिंग रोड के बीचों-बीच खड़ी कर दीं। जाम का झाम: आतिशबाजी और स्टंट के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा। राहगीरों की मुसीबत: सफर कर रहे आम राहगीरों और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में कानून का उल्लंघन?
जोधपुर में रसूख का अंधा प्रदर्शन : DPS रिंग रोड पर बीच सड़क आतिशबाजी और स्टंट, पुलिस की मौजूदगी में लगा भारी जाम
वायरल वीडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहाँ यह पूरा ड्रामा चल रहा था, वहाँ पुलिस की मौजूदगी भी नजर आ रही है। इसके बावजूद हुड़दंगियों पर कोई लगाम नहीं कसी गई। सुरक्षा से खिलवाड़: व्यस्त हाईवे पर जलते हुए पटाखे और स्टंटबाजी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकते थे। बिना नंबर की गाड़ियां: वीडियो में एक लग्जरी गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट भी नजर नहीं आ रही है, जिससे यह साफ है कि इन युवकों को कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं है। सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा वीडियो वायरल होने के बाद जोधपुर के नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोग वीडियो शेयर कर जोधपुर पुलिस से सवाल पूछ रहे हैं कि क्या नियम केवल आम जनता के लिए हैं? आमजन की सुरक्षा को दांव पर लगाने वाले इन तथाकथित ‘बारातियों’ के खिलाफ अब तक कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन वीडियो के आधार पर गाड़ियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जोधपुर : भारी पड़ी मनचले की हिमाकत, महिला ADCP को किए अश्लील इशारे; अधिकारी ने बस रुकवाकर सिखाया सबक
जोधपुर। जोधपुर के रातानाडा इलाके में रविवार को एक मनचले ने दुस्साहस दिखाते हुए एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता कर दी। नशे में धुत्त युवक ने कार में बैठी महिला अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) की ओर अश्लील इशारे किए। हालांकि, उसे यह अंदाजा भी नहीं था कि वह जिससे उलझ रहा है, वह कानून की रक्षक हैं। महिला अधिकारी ने तुरंत एक्शन लेते हुए न केवल बस रुकवाई, बल्कि आरोपी को सलाखों के पीछे भी पहुंचाया। बच्चे को दूध पिलातेसमय की अशोभनीय हरकत जानकारी के अनुसार, महिला ADCP अपनी निजी कार में बच्चे और एक अन्य महिला के साथ जा रही थीं। घटना का क्रम : रास्ते में गाड़ी रोककर जब अधिकारी अपने बच्चे को दूध पिला रही थीं, तभी वहां से एक सिटी बस गुजरी। मनचले की हरकत : बस की खिड़की पर बैठे युवक ने महिला अधिकारी की ओर देखते हुए अत्यंत अश्लील और अशोभनीय इशारे किए।
जोधपुर : भारी पड़ी मनचले की हिमाकत, महिला ADCP को किए अश्लील इशारे; अधिकारी ने बस रुकवाकर सिखाया सबक
अधिकारी का ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन इस घृणित हरकत से क्षुब्ध होकर महिला अधिकारी ने तुरंत अपनी गाड़ी से पीछा कर सिटी बस को रुकवाया। उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रातानाडा थाना पुलिस चंद मिनटों में मौके पर पहुंच गई। आरोपी गिरफ्तार : नशे में था चूरपुलिस ने आरोपी को बस से नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया। पहचान : आरोपी की पहचान बसीर उर्फ सूरज के रूप में हुई है। बहानेबाजी : पकड़े जाने के बाद आरोपी कभी खुद को मानसिक अस्वस्थ बताने लगा, तो कभी गुटखा खाने का बहाना बनाने लगा। हालांकि, वह पूरी तरह नशे की हालत में नजर आ रहा था। पुलिस की सख्त कार्रवाई थाना प्रभारी दिनेश लखावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांतिभंग और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्रता और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
जम्मू-कश्मीर: भारतीय सेना ने हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन में 7 खतरनाक आतंकी मार गिराए
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 326 दिनों तक चले हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन में 7 खतरनाक आतंकवादी मारे गए हैं। भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) ने सोमवार को यह जानकारी दी। व्हाइट नाइट कोर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “किश्तवाड़ इलाके में 326 दिनों तक लगातार हाई-एल्टीट्यूड अभियान चलाए गए। सेना ने मुश्किल इलाकों में ठंडे, गीले और बर्फीले मौसम के बीच आतंकवादियों को ट्रैक किया। इस दौरान कई बार मुठभेड़ हुई। व्हाइट नाइट कोर की टुकड़ियों, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने खुफिया एजेंसियों के मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर आखिरकार किश्तवाड़ के चटरू क्षेत्र में सभी सात कुख्यात आतंकवादियों को मार गिराया।” पोस्ट में आगे कहा गया, “ऑपरेशन में मदद के लिए एफपीवी ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, आरपीए/यूएवी और संचार साधनों के रूप में टेक्नोलॉजी का लगातार इस्तेमाल किया गया। हमारी सेनाओं की लगातार कोशिश और दृढ़ संकल्प, जिसका नतीजा सैफुल्लाह और उसके साथियों का खत्म होना था, यह साबित करता है कि हमारे जवानों और इंटेलिजेंस एजेंसियों के संकल्प, साहस और वीरता के सामने कुछ भी नहीं टिक सकता।”
जम्मू-कश्मीर: भारतीय सेना ने हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन में 7 खतरनाक आतंकी मार गिराए
भारतीय सेना ने कहा कि यह आतंक नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार है। हम सेवा और सुरक्षा करते हैं। व्हाइट नाइट कोर ने मारे गए आतंकदियों की तस्वीर भी शेयर की है, जिसके ऊपर लाल रंग में क्रॉस लगे हुए हैं। इससे पहले, सेना ने एक संयुक्त अभियान में तीन आतंकवादियों को मार गिराया। ‘ऑपरेशन त्रासी-1’ के तहत किश्तवाड़ में इन आतंकियों को मारा गया। व्हाइट नाइट कोर ने जानकारी दी कि आतंकवादी के अवशेष और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। सेना ने कहा, “स्थिरता को कमजोर करने वालों के लिए कोई जगह, कोई पनाहगाह नहीं है।” पिछले साल किश्तवाड़ के घने जंगल वाले चटरू इलाके में ज्वाइंट फोर्स और पाकिस्तानी जैश-ए-मोहम्मद (जैश) के आतंकवादियों के बीच एक दर्जन से ज्यादा एनकाउंटर हुए। भारतीय सेना आतंकवादियों को पीछा करती रही, लेकिन वह जम्मू डिवीजन के किश्तवाड़, डोडा, कठुआ और उधमपुर जिलों के बीच अपनी जगह बदलते रहे।
हैदराबाद में सीबीआई कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी
हैदराबाद । हैदराबाद के नामपल्ली स्थित सीबीआई कोर्ट में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बार फिर से कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। इस ईमेल में चेतावनी दी गई थी कि शुक्रवार को विस्फोट होंगे। इसके बाद कोर्ट के अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया। ईमेल में मिली धमकी के चलते परिसर को खाली कराया गया और गहन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों ने परिसर की तलाशी लेने के लिए अभियान चलाया। बताया गया कि ईमेल में चेतावनी दी गई थी कि कोर्ट में ’12 आरडीएक्स बम’ लगाए गए हैं, जो 12:05 बजे फट जाएंगे। ईमेल मिलने के बाद, अधिकारियों ने कोर्ट भवन से न्यायाधीशों, कर्मचारियों, वकीलों और वादियों को बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान मानक प्रोटोकॉल के अनुसार चलाया गया। हालांकि, कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब सीबीआई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इससे पहले बुधवार को भी इसी तरह का एक ईमेल भेजा गया था, जिसके बाद पुलिस द्वारा परिसर की व्यापक तलाशी के बाद यह फर्जी साबित हुआ।
हैदराबाद में सीबीआई कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी
उसी दिन तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की कुछ अन्य कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिससे हड़कंप मच गया था। हालांकि, पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला। सीबीआई कोर्ट नामपल्ली, तेलंगाना के करीमनगर और आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में जिला कोर्ट को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। करीमनगर और राजमुंदरी दोनों जगहों पर पुलिस ने कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि, कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली थी। बम की धमकियों से सभी कोर्ट पूरी तरह से प्रभावित हो गए थे। धमकियों के बाद, पुलिस ने सभी कोर्ट कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा बढ़ा दी थी। इस संबंध में पुलिस ने अलग-अलग केस दर्ज किए थे। पुलिस ने इन ईमेल के सोर्स का पता लगाने की कोशिश की थी। सभी धमकी भरे ईमेल एक ही सोर्स से आने का शक है।
भीलवाड़ा नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई, उच्च न्यायालय के डंडे से बचने के लिए हो रही कार्रवाई या कुछ और…
भीलवाड़ा (प्रकाश चपलोत जैन)। शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी और अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए नगर निगम का विशेष अभियान तेज़ी से जारी है। जिला कलेक्टर एवं निगम प्रशासक जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर 19 फरवरी को 16 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग जब्त कर ₹8,700 का जुर्माना वसूला गया। 1040 किलो प्लास्टिक जब्त, 1.95 लाख की वसूली:- 9 से 28 फरवरी तक चल रहे अभियान में अब तक 1040 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर ₹1.95 लाख का जुर्माना वसूला जा चुका है। निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने स्पष्ट किया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। गंदगी पर कार्रवाई, लाखों की वसूली:- स्वच्छ भारत मिशन के तहत 28 लोगों पर ₹7,000 का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान गंदगी फैलाने वालों से अब तक ₹2.84 लाख वसूले जा चुके हैं। वहीं नगरीय विकास कर के रूप में 19 फरवरी को ₹2.80 लाख और कुल मिलाकर ₹76.55 लाख की वसूली की जा चुकी है। 60 प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण ध्वस्त:- महारानी ट्रेड सेंटर से नेहरू रोड और माणिक्य नगर चौराहे क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 60 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क और नालियों की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जहां सड़क और नाली के बीच कच्ची जगह है, वहां पक्की सड़क निर्माण कराया जाएगा।
भीलवाड़ा नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई, उच्च न्यायालय के डंडे से बचने के लिए हो रही कार्रवाई या कुछ और…
कालोनियों से उठी आवाज, बंद रास्ते और कचरे के भूखंड भी हों मुक्त सूत्रों के अनुसार शहर में व्यापक स्तर पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मुहिम को और तेज करने की मांग:-अब कालोनियों से भी उठने लगी है। कई आवासीय क्षेत्रों में लंबे समय से बंद पड़े सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाकर रास्ते खुलवाने की मांग तेज हो गई है।इसके साथ ही शहर की अनेक कालोनियों में खाली पड़े भूखंड कचरे के ढेर में तब्दील हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने ऐसे भूखंडों को कचरा मुक्त कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई है, ताकि गंदगी, दुर्गंध और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके। निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अभियान को आवासीय क्षेत्रों तक विस्तार देते हुए बंद मार्गों और कचरा बने खाली भूखंडों पर भी जल्द सख्त कार्रवाई की जा सकती है। वहीं सूत्रों के अनुसार ऐसी जानकारी मिली है कि वर्ष 2022 में उच्च न्यायालय जोधपुर की पीठ ने भीलवाड़ा शहर से अतिक्रमण हटाने, बेसमेंट को खाली कराने के संदर्भ में जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए थे तब से लेकर आज दिन तक उक्त आदेशों की पालना नहीं की गई जिस पर प्रार्थी ने जिला प्रशासन के खिलाफ अवमानना की याचिका दाखिल कर रखी है जिस पर सुनवाई जारी है…….। संभवत उसी के तहत प्रशासन शहर से धड़ाधड़ अतिक्रमणों पर बुलडोजर की कार्रवाई कर रहा है……… । शहर के प्रमुख भाजपा नेता भी खामोश बैठे हैं क्योंकि उन्हें भी पता है कि न्यायालय का डंडा कभी भी चल सकता है
नई दिल्लीः राहगीरों को झांसा देकर लूटने वाले गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली । करोल बाग में हुई लूट का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। 200 से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों को एनालाइज करने के साथ ही पुलिस ने करोल बाग, सोनिया विहार और बवाना में 32 किलोमीटर तक निशानों को ट्रैक करते हुए लुटेरों को पकड़ने में सफलता हासिल की। दरअसल, 16 फरवरी को करोल बाग पुलिस को गंगा राम हॉस्पिटल क्रॉसिंग के पास एक स्नैचिंग की घटना की जानकारी मिली, जिसमें पीड़ित के सिर में चोट लगी थी। पुलिस तुरंत तुरंत गंगा राम सिटी हॉस्पिटल पहुंची, जहां घायल पीड़ित का मेडिकल इलाज चल रहा था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह 16 फरवरी को शॉपिंग के लिए करोल बाग आया था। कपड़े खरीदने के बाद जब वह जाने लगा तो एक अनजान आदमी उसके पास आया और बातचीत करने की कोशिश की। हालांकि, उसने बातचीत को नजरअंदाज कर दिया। कुछ देर बाद उसने देखा कि वही आदमी अपने साथी के साथ उसका पीछा कर रहा है और उससे बातचीत करने की कोशिश कर रहा है। उनमें से एक ने दावा किया कि दूसरे आदमी के पास उसके मालिक से चुराया हुआ कैश है और क्योंकि उसका बैंक अकाउंट नहीं है, इसलिए उसे पैसे जमा करने में मदद चाहिए। उसका भरोसा जीतने के लिए एक बैग में रखे कुछ कैश भी दिखाए। पीड़ित ने बताया कि संदिग्ध महसूस होने पर वह तेजी से गंगा राम अस्पताल की रेड लाइट की ओर चलने लगा, लेकिन दोनों लोग उसका पीछा करते रहे। रास्ते में मदद लेने की कोशिश में उसने लाल बत्ती वाली एक गाड़ी देखी और सोचा कि यह पुलिस की गाड़ी है, लेकिन पास पहुंचने पर उसे पता चला कि यह एक एम्बुलेंस है। इसी बीच, दो लोगों ने उसे रोका, उसे सर गंगा राम सिटी हॉस्पिटल के सामने जंगल वाले इलाके में एक टूटी हुई बाउंड्री वॉल की तरफ धकेल दिया और हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान, उनमें से एक ने उसके सिर पर ईंट से दो-तीन बार वार किया और जबरदस्ती उसका आईफोन छीनकर मौके से भाग गए। पीड़ित के बयान पर करोल बाग थाना पुलिस ने केस दर्ज कर टीम गठित कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान, टीम ने संदिग्धों की मूवमेंट का पता लगाने के लिए अजमल खान मार्केट इलाके और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज के एनालिसिस से पता चला कि आरोपी अपराध करने के लिए एक ईको वैन का इस्तेमाल कर रहे थे। यह भी देखा गया कि एक और साथी उन दो आरोपियों के पीछे चल रहा था जो पीड़ित से बात कर रहे थे और लूट को अंजाम दे रहे थे।
नई दिल्लीः राहगीरों को झांसा देकर लूटने वाले गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद जांच टीम सोनिया विहार गई और आस-पास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की डिटेल में जांच की ताकि और सुराग मिल सकें। जांच के दौरान टेक्निकल सर्विलांस लगाया गया और लूटे गए मोबाइल फोन की जरूरी डिटेल्स हासिल की गईं। चोरी हुए हैंडसेट में डाले गए सिम कार्ड को एनालाइज किया गया ताकि उसके इस्तेमाल के पैटर्न और लोकेशन की डिटेल्स का पता लगाया जा सके। ज़रूरी टेक्निकल डेटा हासिल करने और उसकी जांच करने के बाद जेजे कॉलोनी बवाना में रेड की गई। हालांकि इस ऑपरेशन के दौरान आरोपी पकड़े नहीं जा सके। टीम ने लगातार कोशिशें और सिस्टमैटिक इंटेलिजेंस इकट्ठा करना जारी रखा, जिससे खास जानकारी मिली कि वारदात में शामिल ईको वैन पीतमपुरा इलाके में मौजूद है और आरोपी इसी तरह के जुर्म करने की प्लानिंग कर रहे थे। टीम ने संदिग्ध गाड़ी का पता लगाया और उसे रोकना शुरू किया। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने पकड़ से बचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को दिल्ली कैंट के पास घेर लिया गया और उन्हें पकड़ लिया। गिरोह का सरगना असलम (34), इबरार उर्फ भूरा (23), सुलेमान उर्फ बाबू (22) और आशिक खान (27) निवासी जेजे कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान यह पता चला कि असलम लूट का मास्टरमाइंड है, जो वारदात के समय सह-आरोपी इबरार और सुलेमान के पीछे था। आरोपी आशिक खान वारदात में इस्तेमाल की गई ईको वैन चला रहा था। आरोपियों ने बताया कि वे कागज के बंडल बनाते थे, जिसके ऊपर असली ₹500 का नोट रखकर उसे बड़ी रकम का दिखावा करते थे। इस बहाने वे अनजान लोगों से संपर्क करते और उन्हें यह कहकर फुसलाते कि कैश चोरी हो गया है और उसे चुपके से जमा करने या बदलने की ज़रूरत है। पीड़ित का भरोसा जीतने के बाद, वे उसे अपने दिए गए अकाउंट में ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए मनाते थे और कैश की रकम शेयर करने का भरोसा देते थे। ऑनलाइन पेमेंट मिलते ही, आरोपी तुरंत मौके से भाग जाते थे। आरोपियों ने बताया कि पीड़ित ने ऑनलाइन पेमेंट करने और अपना मोबाइल फ़ोन देने में भी आनाकानी कर रहा था। विरोध करने पर और डर पैदा करने और पीड़ित पर काबू पाने के लिए उन्होंने उस पर हमला किया और जबरदस्ती उसका मोबाइल फ़ोन छीन लिया और मौके से भाग गए।