शिक्षा का नाम और विवाद का खेल : अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में अंडा करी वीडियो से हड़कंप
बयाना। बयाना कस्बे का अग्रसेन कन्या महाविद्यालय इन दिनों विवादों के केंद्र में है। गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने कॉलेज की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कॉलेज के एक कर्मचारी अंडा करी से भरी बाल्टी लेकर ऊपरी मंजिल से नीचे उतर रहा है। इस दौरान अग्रसेन जयंती कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। पूछताछ के दौरान कर्मचारी ने बताया कि अंडा करी कॉलेज के प्रबंधन समिति के मंत्री मणि अग्रवाल के कहने पर बनाई गई थी। इस बयान ने मामला और भी संवेदनशील बना दिया है। शहर में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शिक्षा का नाम और विवाद का खेल : अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में अंडा करी वीडियो से हड़कंप
लोग सवाल कर रहे हैं कि जो संस्थान छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का दावा करता है, वहां शाम होते ही इस तरह की गतिविधियां कैसे संभव हैं। सोशल मीडिया पर भी कॉलेज प्रबंधन की भूमिका को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल, वायरल वीडियो ने महाविद्यालय की साख पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं और लोग निष्पक्ष जांच व जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दिल्ली: सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
नई दिल्ली । द्वारका जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की राह पर बढ़ रहे एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर हथियार के साथ तस्वीरें डालकर और दोस्तों के बीच हथियार दिखाकर अपना रौब जमाने की कोशिश करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी सिंगल शॉट पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के रहने वाले मनीष उर्फ मिषु (19) के रूप में हुई। आरोपी कुख्यात नजफगढ़ और सीमावर्ती इलाकों के गैंगस्टरों से प्रभावित था और अपराध की दुनिया में कदम रखने की फिराक में था। पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि द्वारका जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड को अवैध हथियार रखने वाले और उभरते अपराधियों पर नजर रखने का विशेष निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, प्रभारी एएटीएस द्वारका के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र, हेड कांस्टेबल मनीष, सोनू, संदीप और मनोज शामिल थे।
दिल्ली: सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
टीम ने एसीपी/ऑप्स द्वारका श्री रविंदर अहलावत की निगरानी में काम किया। टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप प्रोफाइल पर विशेष नजर रखनी शुरू की, जहां अपराधी हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट कर प्रभाव जमाने की कोशिश करते हैं। इसके साथ ही, गुप्त सूचनातंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 2 जनवरी को गैंगस्टरों से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच के दौरान एएटीएस टीम को पुख्ता सूचना मिली। सूचना के आधार पर मनीष उर्फ मिषु को पकड़ा गया, जिसके पास से एक देसी सिंगल राउंड पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 06/26, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत थाना बीएचडी नगर, दिल्ली में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी मनीष झरोदा कलां गांव का स्थायी निवासी है और उसने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी और नजफगढ़ क्षेत्र के कुख्यात गैंगस्टर ओम प्रकाश उर्फ काला और उसके भाई अमित उर्फ बागे के संपर्क में आया, जो फिलहाल एमसीओसीए मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अवैध हथियार खरीदा था और उसे अपने दोस्तों के बीच दिखाकर प्रभाव जमाने की कोशिश करता था। वह हथियार के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस/डीपी पर भी लगाता था। द्वारका जिला पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है और स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दिल्ली: मालिक से 3.25 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाला युवक शिमला से गिरफ्तार
नई दिल्ली । दिल्ली के द्वारका में थाना द्वारका साउथ पुलिस ने मालिक से 3.25 लाख रुपए की धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को शिमला से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से नेट बैंकिंग का दुरुपयोग कर यह रकम मालिक के बैंक खाते से निकाली थी। पुलिस के मुताबिक यह मामला 15 नवंबर 2025 को सामने आया, जब थाने में चोरी की सूचना प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके नौकर मुन्ना कुमार ने धोखे से उसके बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल ली है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ द्वारका साउथ इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह के नेतृत्व में तथा एसीपी किशोर कुमार रेवाला की समग्र देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एचसी प्रवीण यादव, एचसी धीरज, एचसी कुलदीप और एचसी भूषण प्रसाद शामिल थे। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने किसी को पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश की तो बैलेंस कम होने के कारण ट्रांजैक्शन फेल हो गया।
दिल्ली: मालिक से 3.25 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाला युवक शिमला से गिरफ्तार
इसके बाद बैंक जाकर पता चला कि उसके खाते से 3,25,990 रुपए उसके नौकर मुन्ना कुमार के खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं। जब उसने नौकर से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला और वह काम छोड़कर फरार हो चुका था। 4 जनवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शिमला में छिपा हुआ है। तकनीकी सर्विलांस और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिमला से आरोपी मुन्ना कुमार (21) निवासी पूर्वी चंपारण (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे शिकायतकर्ता के खाते की जानकारी पहले से थी। बैंक जाते समय उसने नेट बैंकिंग की यूजर आईडी, पासवर्ड और मोबाइल लॉक पासवर्ड देख लिया था। बाद में उसने शिकायतकर्ता का मोबाइल लेकर खुद को बेनिफिशियरी जोड़ा और रकम ट्रांसफर कर दी। आरोपी ने बैंक से आए मैसेज भी डिलीट कर दिए। उसने बताया कि पूरी रकम उसने जुए में गंवा दी। पुलिस के अनुसार आरोपी बेरोजगार और अविवाहित है तथा उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, 14 करोड़ रुपए की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त
हैदराबाद । राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आरजीआईए) पर कस्टम अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को करीब 14 करोड़ रुपए का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रतिबंधित सामान कतर से आए दो यात्रियों के पास से बरामद किया गया। जब्त किए गए हाइड्रोपोनिक गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 14 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। शक के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने कतर से आए दो यात्रियों को रोका। इसके बाद, उनके सामान को डिटेल स्कैनिंग और फिजिकल जांच के लिए भेजा गया। स्कैनिंग के दौरान, अधिकारियों ने सामान के अंदर छिपाए गए हाइड्रोपोनिक गांजे के पैकेट बरामद किए। जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान की कुल मात्रा 14 किलोग्राम थी। दोनों यात्रियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारी अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से उनके संभावित संबंधों की जांच कर रहे हैं।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, 14 करोड़ रुपए की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त
यह ताजा जब्ती कस्टम अधिकारियों द्वारा एक फ्लाइट से एक किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किए जाने के ठीक दो दिन बाद हुई है। बताया जा रहा है कि एक यात्री ने चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से ड्रग्स को सीट पर छोड़ दिया था। हाइड्रोपोनिक गांजा एक हाई-ग्रेड और महंगा नशीला पदार्थ है। अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में विदेश में उगाए गए हाइड्रोपोनिक गांजे की भारत में तस्करी की कोशिशों में बढ़ोतरी हुई है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) और अन्य एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर निगरानी बढ़ा दी है। पिछले साल जुलाई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बुधवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री के सामान से 400 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया था। जब्त किए गए सामान की कीमत 40 करोड़ रुपये आंकी गई थी। खुफिया जानकारी के आधार पर, एनसीबी अधिकारियों ने महिला यात्री को रोका और उसके दो चेक-इन बैग से 400 किलो नशीला पदार्थ जब्त किया। जांच में पता चला कि महिला ने यह नशीला पदार्थ बैंकॉक से खरीदा था और शक से बचने के लिए दुबई के रास्ते भारत लौटी थी।
नोएडा: पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का किया खुलासा, शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
नोएडा । नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई भारी नकदी बरामद करने के साथ-साथ उसके बैंक खाते में जमा रकम को भी फ्रीज कराया है। यह कार्रवाई दिनांक 8 जनवरी 2026 को की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिखर खुराना पुत्र अजय खुराना के रूप में हुई है। अभियुक्त को मल्टीलेवल कार पार्किंग के सामने फुटपाथ से गिरफ्तार किया गया। उसकी उम्र मात्र 21 वर्ष है और वह काफी शातिर तरीके से अपराध को अंजाम देता था। अभियुक्त मूल रूप से वसुंधरा पार्क वन, भूरा रानी रोड, रुद्रपुर (उत्तराखंड) का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह सेक्टर-151, नोएडा के वी-1, एल्डीगो में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने दिनांक 5 जनवरी 2026 को डीएलएफ मॉल पर पीड़ित से पहले फोन पर बातचीत की थी।
नोएडा: पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का किया खुलासा, शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
इसके बाद उसने फॉरेक्स कॉइन ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाए। भरोसा जीतने के बाद अभियुक्त ने मौके का फायदा उठाते हुए कार में रखा पैसों से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए 4 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, अभियुक्त के बैंक खाते में मौजूद 2 लाख रुपये की रकम को फ्रीज करा दिया गया है, जिससे कुल बरामदगी और कार्रवाई की राशि 6 लाख 60 हजार रुपये तक पहुंच गई है। बरामदगी के दौरान पुलिस को एक आधार कार्ड की छायाप्रति और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी मिला है। अभियुक्त के खिलाफ थाना सेक्टर-20, गौतमबुद्धनगर में मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं वह इस तरह की अन्य घटनाओं में तो शामिल नहीं रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह के ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर अनजान लोगों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रामपुरा ग्राम पंचायत में कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल, 23 परिवाद प्राप्त
दौसा। आमजन की समस्याओं का उनके गांव में ही त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सैंथल उपखंड क्षेत्र की रामपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों के परिवाद सुने और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने तेजाजी महाराज के स्थान एवं पंचायत भवन पर हाई मास्ट लाइट लगवाने, ग्राम पंचायत पर किसान सेवा केन्द्र खोलने, राशन कार्ड चालू करने, सीसी सड़क निर्माण, आम रास्ता आवंटन, आंगनबाड़ी भवन खोलने, विद्यालय भवन व श्मशान घाट की चारदीवारी निर्माण, पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन, चरागाह व सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, श्मशान घाट का सीमा ज्ञान कराने, आबादी भूमि का नक्शा सही कराने सहित अतिक्रमण हटाने से जुड़े परिवाद प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी परिवादों को व्यक्तिगत रूप से सुना और अधिकारियों को नियमानुसार न्यूनतम समय में निस्तारण कर आमजन को राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो सार्वजनिक प्रकरण राज्य सरकार के स्तर के हैं, उनके लिए नियमों के अनुसार शीघ्र प्रस्ताव बनाकर भिजवाए जाएं।
रामपुरा ग्राम पंचायत में कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल, 23 परिवाद प्राप्त
सभी प्रकरणों को सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज किया गया है, जिनकी प्रभावी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। रात्रि चौपाल में कुल 23 परिवाद प्राप्त पंचायत समिति विकास अधिकारी मातादीन मीना ने बताया कि रात्रि चौपाल में कुल 23 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें पंचायतराज विभाग के 8, राजस्व विभाग के 6, रसद विभाग के 5 तथा कृषि, महिला एवं बाल विकास, सिंचाई एवं शिक्षा विभाग से संबंधित एक-एक परिवाद शामिल है। इनमें से 11 परिवादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 12 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। रात्रि चौपाल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदीचंद गंगवाल, सैंथल उपखंड अधिकारी अमृता खंडेलवाल, दौसा पंचायत समिति विकास अधिकारी मातादीन मीना, रामपुरा उर्फ महाराजपुरा प्रशासक नन्दकिशोर मीना, ग्राम विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 9 जनवरी को नीमराना में होगा विरोध प्रदर्शन
नीमराना। सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध में कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित 9 जनवरी 2026 के आंदोलन को लेकर नीमराना कस्बे में कांग्रेस कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी ने की। बैठक में स्मार्ट मीटर से आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों, बढ़ते बिजली बिल और तकनीकी खामियों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल 2 से 4 गुना तक बढ़ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को गलत व तेज रीडिंग, तकनीकी खराबी तथा चार्जिंग के दौरान बिजली गुल होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 9 जनवरी को नीमराना में होगा विरोध प्रदर्शन
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मीटर में लगी नॉन-रिचार्जेबल बैटरी और एलईडी लाइट के कारण भी बिजली की खपत बढ़ रही है, जिसका सीधा आर्थिक बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे महावर धर्मशाला से एसडीएम कार्यालय नीमराना तक आयोजित होने वाले हल्लाबोल विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम को पूरी ताकत के साथ सफल बनाया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक आमजन को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया गया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक स्मार्ट मीटर से जुड़ी जनविरोधी व्यवस्था को वापस नहीं लिया जाता, तब तक पार्टी जनहित में अपना संघर्ष जारी रखेगी। बैठक में नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी, उपाध्यक्ष संजय यादव, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद चर्खिया, सचिव राजकुमार, मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, नरेश योगी उर्फ भरतरी, जयपाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिल्ली पुलिस से मुठभेड़ में गैंगस्टर राजेश बवानिया गैंग का बदमाश घायल, गिरफ्तार
नई दिल्ली । दिल्ली के बवाना इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस की स्पेशल सेल और गैंगस्टर राजेश बवानिया के गैंग से जुड़े बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान राजेश बवानिया के रिश्तेदार और गैंग के सदस्य अंकित मान के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू में ले लिया। घायल अवस्था में अंकित मान को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्पेशल सेल को अंकित मान के इलाके में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुबह तड़के एक टीम को मौके पर भेजा गया। जैसे ही पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की। आरोपी ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और मौके पर ही काबू कर लिया गया।
दिल्ली पुलिस से मुठभेड़ में गैंगस्टर राजेश बवानिया गैंग का बदमाश घायल, गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि अंकित मान लंबे समय से फरार चल रहा था और कई गंभीर मामलों में वांछित था। उस पर हत्या, फिरौती वसूली और जबरन पैसे मांगने यानी एक्सटॉर्शन जैसे संगीन आरोप हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश भागने की फिराक में था। उसकी योजना विदेश जाकर अपने गैंग का नेटवर्क खड़ा करने और वहीं से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की थी। राजेश बवानिया दिल्ली-एनसीआर का जाना-माना गैंगस्टर है, जो इस समय जेल में बंद है, लेकिन जेल से ही अपने गिरोह को चलाने के आरोप उस पर लगते रहे हैं। उसका नाम हत्या, लूट, गैंगवार और फिरौती के कई मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस का मानना है कि अंकित मान, बवानिया गैंग के लिए अहम कड़ी था और बाहर रहकर गैंग के कामकाज को संभाल रहा था।
झारखंड के खूंटी में आदिवासी नेता की गोली मारकर हत्या, सड़क पर उतरे लोग, खूंटी बंद
खूंटी । झारखंड के खूंटी जिले में आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोम मुंडा की बुधवार देर शाम अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को लेकर पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को आदिवासी संगठनों के आह्वान पर खूंटी जिला बंद रखा गया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। गुरुवार सुबह से ही आक्रोशित ग्रामीण और समर्थक सड़क पर उतर आए और जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर जाम कर दिया। बाजार, दुकानें और शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह बंद रहे, जबकि सार्वजनिक परिवहन भी ठप हो गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर और सड़कों पर धरना देकर मुख्य मार्गों को अवरुद्ध कर दिया। आदिवासी संगठनों और ग्रामीणों ने सोम मुंडा की हत्या में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कई स्थानों पर स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास करते रहे।
झारखंड के खूंटी में आदिवासी नेता की गोली मारकर हत्या, सड़क पर उतरे लोग, खूंटी बंद
बता दें कि बुधवार देर शाम खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग के समीप अज्ञात अपराधियों ने सोम मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे अपनी पत्नी के साथ बाइक से खूंटी से अपने गांव चलांगी लौट रहे थे। इसी दौरान जमुआदाग स्थित तालाब के पास पीछे से एक बाइक पर सवार दो अपराधी आए और ओवरटेक कर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दो राउंड फायरिंग में एक गोली सोम मुंडा के सीने में जा लगी। गोली लगने के बाद उन्होंने बाइक रोककर खूंटी की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और वे गिर पड़े। इसके बाद हमलावर मंदरूटोली की ओर फरार हो गए। सोम मुंडा की पत्नी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद कुछ देर में वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर की मदद से वे कुछ दूरी तक गईं, फिर ऑटो से खूंटी थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सोम मुंडा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी वरुण रजक ने हत्याकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि सोम मुंडा स्थानीय आदिवासी समाज में एक प्रभावशाली नेता थे और आदिवासी परंपराओं के तहत पड़हा राजा के रूप में व्यापक रूप से पहचाने जाते थे। वे झारखंड पार्टी के जुझारू नेता, शिक्षाविद और आदिवासी समन्वय समिति, खूंटी जिला के संयोजक भी थे। उनकी हत्या को लेकर आदिवासी समन्वय समिति ने इसे सामाजिक और राजनीतिक साजिश करार दिया है। फिलहाल जिले में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और आगे की जांच जारी है।
रांची: कार से कुचलकर युवक की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
रांची । रांची के लालपुर चौक स्थित एक डिस्को बार के बाहर कार से कुचलकर युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वारदात को अंजाम देने वाली कार का चालक रोशन गुप्ता ही था, जिसने जानबूझकर युवक को कुचल दिया। दरअसल, 4 जनवरी की रात करीब 9 बजे गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिगांवा गांव निवासी अरुण सिंह का पुत्र अंकित कुमार सिंह (26) अपने मामा सत्यप्रकाश सिंह और दोस्तों के साथ रांची के लालपुर स्थित मून डिस्को बार गया था। रात करीब 12 बजे जब सभी बार से बाहर निकले, तभी दूसरे समूह के कुछ लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की कार से अंकित और उसके दोस्तों को जोरदार धक्का मारा गया, जिससे अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी आकाश कुमार भी जख्मी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने दोबारा कार चढ़ाकर अंकित को कुचल दिया और मौके से फरार हो गए। घायल अंकित को इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया। हालांकि, रिम्स पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रांची: कार से कुचलकर युवक की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद भय और दहशत के कारण मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह और उसके दोस्त शव को लेकर गढ़वा चले गए। इसके बाद, अगले दिन यानी 5 जनवरी को गढ़वा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई और गढ़वा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद कांड से संबंधित सभी दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए लालपुर थाना, रांची भेज दिए गए। मृतक के दोस्त अर्णव उर्फ सेजल ने इस घटना को लेकर रमनदीप सिंह (लेस्लीगंज, पलामू), रोशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान समेत चार-पांच अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सफेद रंग की कार (नंबर जेएच 01 जीडी 2216) को रोशन गुप्ता नामक युवक चला रहा था और उसी ने जानबूझकर अंकित को कुचला। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रोशन गुप्ता गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत काला खजूरी गांव का निवासी है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।